Rudrapur: उत्तराखंड में अपराधियों, गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। उत्तराखंड एसटीएफ, पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और ऊधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब के वांछित हथियार एवं ड्रग्स तस्कर ईशानप्रीत सिंह को बाजपुर से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी ईशानप्रीत सिंह अमृतसर के छेहर्टा थाना क्षेत्र का निवासी है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार वह अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का सक्रिय सदस्य है।
जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 को अमृतसर में एएनटीएफ और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान ईशानप्रीत सिंह पुलिस को चकमा देकर अपने घर की छत से कूदकर फरार हो गया था। तलाशी के दौरान उसके घर से 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। बरामद हथियारों में बरेटा, जिगाना और मेड-इन-चाइना पिस्टल शामिल थीं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा हुआ था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।
हाल ही में उत्तराखंड एसटीएफ को विश्वसनीय सूचना मिली कि आरोपी ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में नाम बदलकर छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर एसटीएफ, पंजाब पुलिस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर केशवनगर क्षेत्र में घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ इंचार्ज इंस्पेक्टर एमपी सिंह ने बताया कि खुफिया सूचना मिलने के बाद पंजाब पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से आवश्यक पूछताछ की गई और उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस अब आरोपी के पूरे नेटवर्क, आर्थिक स्रोतों और तस्करी से जुड़े अन्य सहयोगियों की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
