Nainital: कैंची धाम स्थापना दिवस मेला-2026 का सफल एवं शांतिपूर्ण समापन हो गया। इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन एवं आयोजन समिति ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और नैनीताल पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।
श्री कैंची मंदिर समिति के सचिव आलोक चोपड़ा एवं प्रबंधक प्रदीप साह ने कहा कि पिछले 50 वर्षों से मंदिर की सेवा से जुड़े होने के बावजूद उन्होंने अपने जीवन में इतना भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक मेला नहीं देखा। उन्होंने इसे “चमत्कारिक” आयोजन बताते हुए कहा कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ने वाली रही।
अप्रत्याशित भीड़ के बावजूद प्रशासन और पुलिस विभाग ने उत्कृष्ट समन्वय एवं कड़ी मेहनत के बल पर व्यवस्थाओं को पूरी तरह नियंत्रित और सुव्यवस्थित बनाए रखा। नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करते रहे और मेला समाप्त होने तक उनकी सक्रिय भूमिका बनी रही।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर के कपाट एवं दर्शन का समय एक घंटे तक बढ़ाया गया, जिससे अंतिम छोर पर खड़े श्रद्धालुओं को भी बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन का अवसर प्राप्त हो सका। एसएसपी नैनीताल ने भी मंदिर समिति, सेवादारों और स्थानीय जनता का सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
मंदिर समिति के अनुसार, मेले के सफल आयोजन में राज्य सरकार का अभूतपूर्व सहयोग प्राप्त हुआ। साथ ही कुमाऊं मंडल आयुक्त, आईजी कुमाऊं, जिलाधिकारी, एसएसपी नैनीताल तथा पुलिस-प्रशासन के सभी विभागों ने मिलकर इस विशाल चुनौती को सफलता में परिवर्तित किया।
समापन अवसर पर श्रद्धालुओं और उपस्थित जनसमूह ने “नीब करौरी बाबा की जय” के उद्घोष के साथ अपनी प्रसन्नता और संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, मंदिर समिति के सचिव आलोक चोपड़ा, प्रबंधक प्रदीप साह, सदस्य मंजुल कुमार जोशी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, पीआरओ हेमा ऐठानी सहित मंदिर समिति के सदस्य, सेवादार और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
