Uttarakhand: उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में मंगलवार को हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहे सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, जबकि आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेमकुंड साहिब जा रहे श्रद्धालुओं का एक जत्था कर्णप्रयाग बाजार क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झड़प के दौरान तलवार चलने की भी सूचना है, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए बदरीनाथ हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यात्रा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। कर्णप्रयाग के सीओ त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि बाजार क्षेत्र में विवाद के बाद तलवार से हमले की सूचना मिली है, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
