Dehradun: उत्तराखंड बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राम माधव दो अक्टूबर को सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज के साथ देहरादून पहुंचे। इस दौरान तीनों नेताओं ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की तैयारियों और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। बैठक के बाद राम माधव और बांसुरी स्वराज ने मीडिया से भी बातचीत की।
राम माधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। अब पार्टी कार्यकर्ताओं को सरकार के विकास और जनकल्याणकारी कार्यों का संदेश जन जन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी को केवल पूर्ण बहुमत तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव में 60 से अधिक सीटें हासिल करने के लक्ष्य के साथ राजनीतिक दृष्टि से आगे बढ़ना है।
राम माधव ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में संगठनात्मक स्तर पर कार्यकर्ताओं ने पार्टी को मजबूत किया है। अब शेष समय में संगठनात्मक कार्यकर्ता की भूमिका के साथ राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में भी सक्रिय होकर जनता के बीच जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने उत्तराखंड में ऐतिहासिक और चौमुखी विकास किया है, जिसे जनता तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश घर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने विपक्ष की कमजोरियों और उसकी नकारात्मक राजनीति को भी जनता के सामने रखने की बात कही।
राम माधव ने कहा कि देश में कई ऐसे राज्य हैं जहां बीजेपी लगातार तीन बार सत्ता में आई है। अब उत्तराखंड को भी ऐसा राज्य बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को पहली बार चुनाव लड़ने और पहली बार जीतने की मानसिकता के साथ मैदान में उतरना होगा।
वहीं बीजेपी की सह प्रभारी और दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि अब समय आ गया है कि पार्टी कार्यकर्ता सरकार का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग धर्म, क्षेत्र, जाति और भाषा के बाद अब युवाओं को उम्र के आधार पर बांटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी सोच रखने वालों को जनता के सामने बेनकाब करना जरूरी है।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रदेश की जनता बीजेपी को तीसरी बार आशीर्वाद देने के लिए तैयार है और कार्यकर्ताओं को सरकार के कामकाज को जनता के बीच प्रभावी ढंग से रखना होगा।
प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि आगामी चुनाव में जीत के लिए ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ और ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ के मंत्र पर विशेष फोकस करना होगा। उन्होंने कहा कि असम, बंगाल, बिहार और महाराष्ट्र में बीजेपी ने उम्मीद से बढ़कर सफलता हासिल की है।
फणींद्रनाथ शर्मा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि उत्तराखंड में ऐसे चुनाव परिणाम लाने का लक्ष्य होना चाहिए कि विपक्ष को अपनी राजनीति को लेकर विचार करना पड़े। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में बहुमत हासिल करना तय है, लेकिन साधारण बहुमत के आंकड़े को 60 से ऊपर ले जाना पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत पर निर्भर करेगा।


Chief Editor, Aaj Khabar
