Headlines

Uttarakhand: उत्तराखंड में अंतिम वोटर लिस्ट जारी, SIR के बाद 1.29 लाख नए मतदाता जुड़े और 1.04 लाख नाम हटे

Uttarakhand: उत्तराखंड में अंतिम वोटर लिस्ट जारी, SIR के बाद 1.29 लाख नए मतदाता जुड़े और 1.04 लाख नाम हटे
शेयर करे-

Uttarakhand: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाया गया विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान पूरा हो गया है। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है।

अंतिम मतदाता सूची के अनुसार उत्तराखंड में अब कुल 71 लाख 58 हजार 949 मतदाता हैं। इनमें 37 लाख 37 हजार 701 पुरुष, 34 लाख 21 हजार 36 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

SIR अभियान की शुरुआत 8 जून 2026 को हुई थी। उस समय प्रदेश में कुल 79 लाख 60 हजार 762 मतदाता दर्ज थे। गणना फार्मों के वितरण और संग्रह के बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें 71 लाख 33 हजार 785 मतदाताओं के नाम शामिल थे।

ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया। इसके बाद 13 अगस्त से 28 सितंबर तक दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की गई।

अंतिम सूची में दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 1 लाख 29 हजार 872 नए मतदाता जोड़े गए हैं, जबकि 1 लाख 4 हजार 708 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।

आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 72 हजार 656 मतदाता हैं। वहीं, 80 वर्ष से अधिक आयु के 1 लाख 22 हजार 892 मतदाता अंतिम सूची में शामिल हैं। प्रदेश में कुल मतदेय स्थलों की संख्या 12 हजार 543 है।

अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम देखने के लिए मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट पर ऑनलाइन जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय अथवा बूथ लेवल अधिकारी से भी मतदाता सूची की जानकारी ली जा सकती है।

अंतिम सूची में नाम शामिल नहीं होने वाले पात्र व्यक्ति फॉर्म 6 के माध्यम से ईसीआई नेट ऐप पर ऑनलाइन या अपने बीएलओ के जरिए ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।

For latest news updates click here

News Update
Image

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *