॰ फिल्म ‘हनुमान अंश’ के सुपरहिट होने के बाद कैंची धाम में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Nainital: लॉन्ग वीकेंड पर उत्तराखंड के पहाड़ों में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। नैनीताल के प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी आश्रम कैंची धाम में हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ‘हनुमान अंश’ फिल्म के बाद कैंची धाम को लेकर बढ़ी आस्था और आकर्षण के बीच श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। इसका सीधा असर स्थानीय पर्यटन कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है।
शनिवार को कैंची धाम में बाबा नीब करौरी के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से आश्रम और आसपास के क्षेत्र में तिल रखने तक की जगह नहीं दिखाई दी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते हाईवे पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।
नैनीताल और अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर मालवाहक वाहनों के साथ यात्री और पर्यटक वाहनों तथा बाइक सवारों को भी रोक दिया गया। इसके चलते हाईवे पर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। यात्री और पर्यटक घंटों तक वाहनों में फंसे रहे। कई लोग भूखे प्यासे जाम में परेशान होते रहे, जबकि कुछ लोगों ने आधे रास्ते से ही वापस लौटना बेहतर समझा।
यातायात व्यवस्था से परेशान लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। खैरना क्षेत्र में पहाड़ से हल्द्वानी की ओर जा रही एक महिला ने वाहनों को रोके जाने पर पुलिस के सामने नाराजगी जताई। महिला ने कहा कि वाहनों में बुजुर्ग और बच्चे बैठे हैं, लेकिन उनकी परेशानी को लेकर जिम्मेदार गंभीर नहीं हैं। लोगों के समझाने के बाद महिला किसी तरह शांत हुई।
जाम से बचने के लिए कई वाहनों ने सैनिटोरियम से रातीघाट होते हुए आवाजाही की। इससे वैकल्पिक मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया और दुर्घटना का खतरा बना रहा। यात्री और पर्यटक जोखिम के बीच सफर करने को मजबूर दिखाई दिए।
वहीं, कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ से स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी गति मिली है। होटल, होमस्टे, टैक्सी, रेस्टोरेंट और अन्य स्थानीय व्यवसायों में आवाजाही बढ़ी है। लॉन्ग वीकेंड और कैंची धाम के प्रति बढ़ते आकर्षण ने क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को और तेज कर दिया है।
‘हनुमान अंश’ फिल्म के बाद कैंची धाम को लेकर श्रद्धालुओं और पर्यटकों में बढ़ी दिलचस्पी के बीच यहां पहुंचने वालों की संख्या में भीड़ के रूप में असर दिखाई दे रहा है। हालांकि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ कैंची धाम और आसपास के मार्गों पर यातायात प्रबंधन की चुनौती भी लगातार बढ़ रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
