Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के चार पर्यटकों को लेकर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे सरिता ताल झील में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों की तत्परता और साहस के कारण सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद निवासी चार पर्यटक नैनीताल घूमने के बाद कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नैनीताल-मुरादाबाद मार्ग पर सरिता ताल क्षेत्र के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे लुढ़कते हुए सीधे झील में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। कार में सवार कुछ लोग स्वयं बाहर निकल आए, जबकि दो यात्री वाहन के भीतर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने बिना देरी किए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
क्षेत्रीय निवासी अभय बवाड़ी ने बताया कि कार नैनीताल से मुरादाबाद की ओर जा रही थी, तभी वह अनियंत्रित होकर पहाड़ी से नीचे गिर गई और झील में जा पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। समय रहते मदद नहीं मिलती तो यह दुर्घटना गंभीर रूप ले सकती थी। फिलहाल सभी पर्यटक सुरक्षित हैं और प्रशासन आवश्यक कार्रवाई में जुटा हुआ है।

Chief Editor, Aaj Khabar
