Haldwani: नैनीताल जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को 330 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी नशीले इंजेक्शनों की तस्करी के लिए मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन’ के तहत नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसपी हल्द्वानी हरबंश सिंह के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 23 नवंबर 2026 को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 330 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से गुलफाम हुसैन उर्फ गंगू (34 वर्ष) पुत्र इरशाद हुसैन निवासी गली नंबर-3, लाइन नंबर-1, आजाद नगर, थाना बनभूलपुरा, हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ये नशीले इंजेक्शन बहेड़ी, बरेली निवासी आरिफ से खरीदकर लाया था। पुलिस अब इस मामले में इंजेक्शन सप्लाई करने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/22/60/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पड़ताल कर रही है।
बरामदगी में 330 नशीले इंजेक्शन और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल शामिल है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वंदना चौहान, कांस्टेबल गणेश गिरी, चालक कांस्टेबल खीम सिंह तथा एसओजी के कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और भानू प्रताप शामिल रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
