Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Dehradun: सीएम धामी ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों के शामिल होने पर जताई प्रसन्नता

Dehradun: सीएम धामी ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों के शामिल होने पर जताई प्रसन्नता
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को शासकीय आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कुल 36 चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इन बेटियों की सफलता प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी, जो सरकारी सेवाओं में आने के लिए मेहनत कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी जिम्मेदारी सीधे आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़ी होती है। इसलिए सभी नवनियुक्त अधिकारी नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों का निस्तारण पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और निर्धारित समयसीमा के भीतर करें। उन्होंने कहा कि एक किसान के लिए उसकी जमीन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। ऐसे में अधिकारियों को प्रत्येक मामले का निर्णय लेते समय संबंधित परिवारों की परिस्थितियों को भी समझना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसीलों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या धैर्यपूर्वक सुनें और उन्हें आवश्यक दस्तावेजों तथा निर्धारित प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि आम लोगों को अपने काम के लिए बार-बार तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। अधिकारियों को आपदा से हुए नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन करना चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार जल्द राहत उपलब्ध कराई जा सके।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सभी अधिकारी अपने सेवाकाल में किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। उन्होंने सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति के बारे में भी स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं की मेहनत और भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को इस सोच के साथ काम करना चाहिए कि राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिक से अधिक लाभ कैसे पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से उन लोगों के प्रति संवेदनशील रहने की बात कही, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक ही होती है।

कार्यक्रम में सचिव राजस्व एसएन पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *