Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर चर्चा के बाद इस संबंध में निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि खनन की बढ़ी हुई दरों के आधार पर रॉयल्टी में कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी।
कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों के अनुसार, आशा कार्यकर्ताओं को अब तक 8300 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था, जिसे 1700 रुपये बढ़ाकर 10 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इस फैसले से प्रदेश की आशा कार्यकर्ताओं को राहत मिलेगी। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर भी कैबिनेट ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
कैबिनेट बैठक में बिंदुखत्ता, बाबूग्राम समेत प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में वर्षों से वन भूमि पर बसे लोगों को मालिकाना हक देने के मुद्दे पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इन क्षेत्रों को वन भूमि से डीरिजर्व किए जाने संबंधी प्रस्ताव को केंद्र सरकार के पास भेजने की मंजूरी दी गई है। साथ ही, इन क्षेत्रों में बसे लोगों की जमीनों को नियमित करने के लिए नीति तैयार करने के उद्देश्य से उप मंत्रिमंडलीय समिति गठित करने पर भी सहमति बनी है।
कैबिनेट के अन्य महत्वपूर्ण फैसले
- उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने को मंजूरी दी गई।
- सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मंजूरी दी गई। इसके तहत संगठित कर्मकारों के साथ असंगठित कर्मकारों को भी शामिल किया गया है।
- ईएसआई में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता में संशोधन किया गया। अब डी. फार्मा के साथ बी. फार्मा अभ्यर्थी भी पात्र होंगे।
- चीनी मिलों को मिलने वाले ऋण के लिए सरकार की ओर से गारंटर बनने पर सहमति बनी।
- उत्तराखंड एक्स-रे तकनीशियन नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई।
- राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले छात्रों के लिए दो साल का बॉन्ड अनिवार्य किया गया। पीजी पूरा करने के बाद उन्हें प्रदेश में दो साल तक सेवाएं देनी होंगी।
- उत्तराखंड पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव नीति, 2026 के प्रख्यापन को मंजूरी दी गई।
- प्रदेश में निर्माण कार्यों के लिए इम्पैनल संस्थानों की सूची से एनएचआईडीसीएल को हटाया गया।
- विधानसभा के मानसून सत्र के सत्रावसान को मंजूरी दी गई।
- सेतु आयोग के विभागीय ढांचे को मंजूरी प्रदान की गई।
- उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पद सृजित करने को मंजूरी दी गई।
- उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 को मंजूरी दी गई।
- आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई।
बैठक में लिए गए फैसलों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों के रूप में देखा जा रहा है। सरकार की ओर से पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी किए जाने के बाद अब मंत्रिमंडल के इन फैसलों के जरिए कर्मचारियों, श्रमिकों और विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
