Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Uttarakhand: पौड़ी में दर्दनाक हादसा, 300 मीटर गहरी खाई में गिरी इको वैन, सात महिलाओं समेत आठ की मौत और चार घायल

शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसा रिखणीखाल थाना क्षेत्र में कलवाड़ी गांव के समीप हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। मृतकों में सात महिलाएं और वाहन चालक शामिल हैं। सभी मृतक भंगलवाड़ गांव के निवासी थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इको वाहन संख्या UK15 TA 2152 रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान चार घायलों को खाई से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में कांति देवी (45), रेखा देवी (42), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजनी देवी (38), रजनी देवी (25) और वाहन चालक अनिल देबराड़ा (48) शामिल हैं।

हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह और सत्यवती देवी (36) के रूप में हुई है। सभी घायल भी भंगलवाड़ गांव के निवासी बताए गए हैं।

बताया जा रहा है कि वाहन में सवार महिलाएं बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर वापस अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। एक ही गांव के आठ लोगों की मौत से भंगलवाड़ में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे की सूचना पर रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल के कलवाड़ी, रिखणीखाल में हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *