Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Rudrapur: रुद्रपुर आरटीओ कार्यालय के बाहर चल रहा था फर्जी दस्तावेजों का खेल, एसटीएफ ने दो आरोपियों को दबोचा, 75 आरसी और 7 डीएल बरामद

Rudrapur: रुद्रपुर आरटीओ कार्यालय के बाहर चल रहा था फर्जी दस्तावेजों का खेल, एसटीएफ ने दो आरोपियों को दबोचा, 75 आरसी और 7 डीएल बरामद
शेयर करे-

Rudrapur: उत्तराखंड में सरकारी विभागों के नाम पर आम लोगों से धोखाधड़ी और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। आरटीओ कार्यालय रुद्रपुर के बाहर निजी वाहनों में बैठकर वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर लोगों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूलने वाले दो आरोपियों को उत्तराखंड एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने थाना पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास से पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), 7 ड्राइविंग लाइसेंस समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ के मुताबिक, सरकारी विभागों की आड़ में आम लोगों के साथ धोखाधड़ी और अवैध वसूली करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ लंबे समय से सूचनाएं जुटाई जा रही थीं। इसी दौरान जानकारी मिली कि आरटीओ कार्यालय रुद्रपुर के पास दो अलग-अलग निजी वाहनों में कुछ लोग आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य वाहन संबंधी दस्तावेज बनवाने के नाम पर वाहन स्वामियों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूल रहे हैं।

सूचना के आधार पर एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर एक वाहन से प्रवीण बाछाड़ निवासी चन्दीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर और दूसरे वाहन से लैपटॉप पर काम कर रहे पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप को गिरफ्तार किया गया। आरोपी अपनी निजी गाड़ियों को ही अवैध कार्यालय के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आरटीओ कार्यालय से संबंधित कार्य कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे। इसके बाद सरकारी शुल्क की वास्तविक जानकारी छिपाकर उनसे निर्धारित फीस से अधिक रकम वसूलते थे। लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से वाहनों से संबंधित दस्तावेज तैयार कराने का काम संचालित किया जा रहा था।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराए थे। एसटीएफ अब इस पूरे फर्जीवाड़े के नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है।

एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), 7 ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30, आरसी के साथ आधार कार्ड और पैन कार्ड की प्रतियां बरामद की हैं। इसके अलावा एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, इंटरनेट डिवाइस और फर्जीवाड़े में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है।

फिलहाल एसटीएफ बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों, अब तक की गई अवैध वसूली और फर्जी दस्तावेजों के जरिए किए गए अन्य लेनदेन का पता लगाया जा रहा है।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि आरटीओ समेत किसी भी सरकारी कार्यालय से संबंधित कार्य केवल अधिकृत माध्यमों से ही कराएं। अनजान व्यक्तियों को अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज न सौंपें और सरकारी कार्यों के लिए निर्धारित शुल्क की जानकारी आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करें।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *