Nainital: जनपद के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अर्पण यदुवंशी ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिसिंग को बेहतर बनाने की दिशा में सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। उन्होंने देर रात तक चली परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की स्थिति और पुलिसिंग से जुड़ी चुनौतियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक के बाद उन्होंने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण कर स्वच्छता और व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
बैठक में एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने अधिकारियों से उनके कार्यक्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, संवेदनशील क्षेत्रों, कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है, लेकिन इसके साथ ही प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी बात रखने और समस्याएं साझा करने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बेहतर संवाद बनाए रखें और उन्हें भरोसा दिलाएं कि वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं उनके समक्ष रख सकते हैं। कार्मिकों की समस्याओं का अपने स्तर से हरसंभव समाधान किया जाएगा।
एसएसपी ने कहा कि नैनीताल एक प्रमुख पर्यटन जनपद है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और जनहितकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि थाने, चौकी अथवा पुलिस कार्यालय पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और टीम भावना के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और प्रभावी पुलिसिंग के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। आने वाली चुनौतियों का सामना सामूहिक प्रयासों और पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जाएगा। उन्होंने जनता का विश्वास जीतने और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक के उपरांत एसएसपी ने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैस की साफ-सफाई, स्वच्छता और रखरखाव का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए आमजन के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही जितनी जरूरी है, उतना ही आवश्यक पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन, आपसी समन्वय और कर्मचारियों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी है।
बैठक में एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, विमल प्रसाद, अंजना नेगी, लव शर्मा, विनय सिंह और समीरन भट्ट सहित प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह समेत जनपद के समस्त थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
