Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Jaipur: जयपुर में एनयूजेआई के राष्ट्रीय अधिवेशन में पत्रकार सुरक्षा अधिनियम लागू करने का प्रस्ताव पारित, फर्जी प्रेस कार्ड पर उठी कार्रवाई की मांग

Jaipur: जयपुर में एनयूजेआई के राष्ट्रीय अधिवेशन में पत्रकार सुरक्षा अधिनियम लागू करने का प्रस्ताव पारित, फर्जी प्रेस कार्ड पर उठी कार्रवाई की मांग
शेयर करे-

Jaipur: देश में पत्रकारिता की विश्वसनीयता, पत्रकारों की सुरक्षा और फेक न्यूज के बढ़ते प्रभाव को लेकर जयपुर में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया गया। अधिवेशन में पत्रकारिता के सामने खड़ी मौजूदा चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकार सुरक्षा अधिनियम लागू करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। साथ ही फर्जी प्रेस कार्ड जारी करने वालों पर लगाम लगाने और वास्तविक पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय रजिस्टर बनाने की मांग भी उठाई गई।

रविवार को जयपुर के सेक्टर-4 स्थित परशुराम भवन में आयोजित अधिवेशन के उद्घाटन समारोह में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फेक न्यूज और सोशल मीडिया पर बिना किसी संस्थागत जुड़ाव के खुद को पत्रकार घोषित करने की बढ़ती प्रवृत्ति को पत्रकारिता के सामने बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने एनयूजेआई से फेक न्यूज पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर सरकार को सौंपने का आह्वान किया, ताकि पत्रकारों के सुझावों के आधार पर इस दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

डॉ. देवनानी ने कहा कि आज वास्तविक पत्रकारों को अपनी पहचान और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। एक ओर बिना तथ्यों के बयानबाजी कर सुर्खियां बटोरने वालों को अधिक जगह मिल रही है, वहीं गंभीर विषयों को मर्यादा और तथ्यों के साथ उठाने वाले पत्रकारों को अपेक्षाकृत कम स्थान मिलता है। उन्होंने पत्रकारों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में समस्याओं को उजागर करने के साथ उनके समाधान भी प्रस्तुत किए जाने चाहिए। पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर उन्होंने बताया कि सरकार इस विषय पर विचार कर रही है।

अधिवेशन में भारत 24 के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ जगदीश चंद्र ने पत्रकारिता की विश्वसनीयता और संस्थागत पत्रकारों की पहचान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में नए लोगों और विचारों का स्वागत होना चाहिए, लेकिन संस्थानों से जुड़े नियमित और अधिकृत पत्रकारों की प्रामाणिकता एवं सम्मान सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

उन्होंने चिंता जताई कि बड़ी संख्या में ऐसे लोग पत्रकारिता के पहचान पत्र लेकर घूम रहे हैं, जिनका वास्तविक और नियमित पत्रकारिता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्देश्य किसी के लिए रास्ते बंद करना नहीं, बल्कि वास्तविक पत्रकारों को उचित प्राथमिकता और सम्मान दिलाना होना चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे को राष्ट्रीय मंच पर उठाने के लिए एनयूजेआई की सराहना की और जिम्मेदार मीडिया संस्थानों की ओर से इस पहल को समर्थन देने की बात कही।

वरिष्ठ पत्रकार रास बिहारी ने पत्रकारिता की साख बचाने के लिए फर्जी पत्रकारों और फर्जी संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर 250 से 1799 रुपये तक में प्रेस कार्ड उपलब्ध कराने के विज्ञापन दिए जा रहे हैं। बिना किसी अनुभव और मीडिया संस्थान से जुड़ाव के लोगों को पत्रकार घोषित किया जा रहा है। उन्होंने पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए अधिवक्ताओं और चिकित्सकों की तर्ज पर राष्ट्रीय पत्रकार रजिस्टर बनाने का सुझाव दिया। साथ ही वास्तविक पत्रकारों और राजनीतिक एजेंडे के तहत काम करने वाले पेड इन्फ्लुएंसर्स के बीच स्पष्ट अंतर किए जाने की आवश्यकता बताई।

सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर तथ्यों और अध्ययन के बिना की जा रही बयानबाजी को पत्रकारिता मानने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल सनसनी फैलाना नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाना और जनसरोकारों को मजबूती से उठाना है। उन्होंने निष्पक्षता, मर्यादा और नैतिक मूल्यों को पत्रकारिता की असली पहचान बताते हुए एनयूजेआई के प्रयासों की सराहना की।

एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने पत्रकारों के संघर्ष और उनकी समस्याओं को उठाते हुए कहा कि प्रत्येक पत्रकार को अपनी लेखनी के दम पर समाज में पहचान बनानी चाहिए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से पत्रकारों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन और सम्मानजनक वेतनमान जैसे मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर समाधान निकालने का आग्रह किया।

अधिवेशन में हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य ने राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकार सुरक्षा अधिनियम लागू करने का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। प्रस्ताव में पत्रकारों पर होने वाले हमलों, धमकियों और झूठे मुकदमों से सुरक्षा देने के लिए केंद्रीय कानून बनाने तथा राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर पर सुरक्षा समितियों के गठन की मांग की गई। इसके अलावा यूनियन के संविधान में संशोधन पर भी चर्चा कर अनुमोदन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार ओम चतुर्वेदी, दिलीप भाटी, शिव चरण शर्मा, रामजी लाल शर्मा, सैयद मुनव्वर अली, पिंकसिटी प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राठौड़, दैनिक नवज्योति के रोहित सोनी, राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल, महासचिव राकेश कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष रामचंद्र कन्नोजिया, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी और पूर्व महासचिव प्रदीप तिवारी को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

जार राजस्थान की मेजबानी में आयोजित अधिवेशन में प्रदेश संयोजक एवं एनयूजेआई के राष्ट्रीय महासचिव राकेश शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष संजय सैनी, प्रदेश महासचिव सुरेश पारीक, प्रदेश कोषाध्यक्ष कौशल मूंदड़ा, प्रदेश संगठन सचिव भंवर सिंह कुशवाहा और प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक वैष्णव सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का साफा पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन जार की प्रदेश उपाध्यक्ष मणिमाला शर्मा ने किया।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *