Uttarakhand: उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने राज्यपाल पद की शपथ लेने के बाद पहली बार श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए बाबा केदार से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की।
राज्यपाल ने कहा कि बाबा केदारनाथ की कृपा से उन्हें धाम में दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड को नमन करते हुए चारधाम की पावन भूमि पर राज्यपाल के रूप में सेवा करने का अवसर प्रदान करने के लिए शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
डॉ. बिसेन ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्रता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेश में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से उत्तराखंड को स्वच्छ एवं नशामुक्त बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। साथ ही अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोना और परंपराओं की रक्षा करना भी आवश्यक है।
राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड देश को संस्कार देने वाली पवित्र भूमि है। ऐसे में यहां की परंपराओं, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण किया जाना चाहिए। उन्होंने विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
इस अवसर पर श्रीमती भानुमति बिसेन, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, यात्रा मजिस्ट्रेट प्रणव पांडे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
