Dehradun: उत्तराखंड के मनोनीत राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने रविवार को लोकभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल पद की शपथ ली। उत्तराखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद उत्तराखंड पुलिस ने राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस परेड का निरीक्षण भी किया।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन रविवार शाम देहरादून पहुंचे थे। लोकभवन आगमन पर राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के.के. शुक्ल, सचिव प्रोटोकॉल विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी विम्मी सचदेवा रामन और अपर सचिव रीना जोशी समेत अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद लोकभवन परिसर में आयोजित समारोह में उन्होंने राज्यपाल पद की शपथ ग्रहण की।
शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड की पावन धरती और यहां की जनता को नमन किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। इसके लिए उन्होंने अपने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। यह बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे चारधामों की पवित्र भूमि है। इसके साथ ही आदि कैलाश और जागेश्वर धाम जैसे अलौकिक धार्मिक स्थल भी यहां स्थित हैं।
डॉ. बिसेन ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन के क्षेत्र में विश्वविख्यात है। देवभूमि वीरभूमि भी है, जहां के परिवारों के सदस्य देश की रक्षा के लिए अपना योगदान देते हैं। उन्होंने प्रदेश की मातृशक्ति को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि यहां के युवा, किसान और समाज के सभी वर्ग मेहनती और मजबूत हैं। यही कारण है कि उत्तराखंड विकास के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने बाबा केदारनाथ धाम परिसर से कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। उन्होंने कहा कि इस विजन को साकार करने के लिए प्रदेश के विकास की गति को निरंतर आगे बढ़ाते हुए नई ऊंचाइयों तक ले जाना आवश्यक है।
उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्यपाल के रूप में संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना और पद की गरिमा बनाए रखना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियां होंगी। इसके साथ ही राज्य सरकार और जनता के साथ मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, रोजगार तथा जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को गति देने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को राज्यपाल पद की शपथ लेने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्राप्त है। वह पहले भी संवैधानिक पदों पर अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. बिसेन के राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक अनुभवों का लाभ उत्तराखंड को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहे उत्तराखंड के विकास को और गति देने में राज्यपाल का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण साबित होगा।

For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
