Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: काठगोदाम में गरजे रोडवेज कर्मचारी, प्रदेशभर में कार्य बहिष्कार से 60 प्रतिशत से अधिक बस संचालन प्रभावित

Haldwani: काठगोदाम में गरजे रोडवेज कर्मचारी, प्रदेशभर में कार्य बहिष्कार से 60 प्रतिशत से अधिक बस संचालन प्रभावित
शेयर करे-

Haldwani: उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के एक दिवसीय कार्य बहिष्कार का शुक्रवार को पूरे उत्तराखंड में व्यापक असर देखने को मिला। छह सूत्रीय मांगों को लेकर परिवहन निगम के देहरादून, टनकपुर और नैनीताल रीजन के कर्मचारियों ने सुबह छह बजे से अपने-अपने डिपो में कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदेश में बसों का संचालन 60 प्रतिशत से अधिक प्रभावित रहने का दावा किया गया, जबकि कुमाऊं के काशीपुर, रुद्रपुर और भवाली समेत कई डिपो में इसका व्यापक असर देखने को मिला।

कार्य बहिष्कार के चलते हल्द्वानी डिपो में आठ और काठगोदाम डिपो में दस बसों का संचालन निरस्त करना पड़ा। नैनीताल परिक्षेत्र से संचालित मथुरा, दिल्ली, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार, कानपुर, पटियाला, अयोध्या, मसूरी, आगरा, टनकपुर, बरेली, मेरठ, जयपुर और देहरादून समेत कई मार्गों की बस सेवाएं भी प्रभावित रहीं। इसके चलते यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

यूनियन की प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतन, कर्मचारियों का नियमितीकरण, समय पर वेतन भुगतान, पुराने देयकों का भुगतान, बस बेड़े में वृद्धि और विशेष श्रेणी के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाना शामिल है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने निगम प्रबंधन पर कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया।

यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो 30 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा। कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन शाम छह बजे तक जारी रहा। यूनियन ने प्रबंधन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।

काठगोदाम डिपो में आयोजित धरना प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष कमल पपनै, प्रदेश उपाध्यक्ष दयाल जोशी, प्रदेश संयुक्त मंत्री ललित प्रसाद, क्षेत्रीय अध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट, शाखा अध्यक्ष मनोज भट्ट और शाखा मंत्री हरीश रावत सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल रहे।

प्रदर्शन में कैलाश कांडपाल, संदीप बिष्ट, संदीप रेसवाल, रेहान अली, राजवीर सिंह, मुकेश बुधानी, नवीन लोहनी, संजीव कुमार, मोहम्मद शाहिद, रंजीत सिंह, बनवारी लाल, राकेश आर्या, सचिन कुमार, प्रदीप भट्ट, गर्वित तिवारी, सावेज हसन, भुवन भट्ट, हरजिंदर, यूसुफ अली, सतीश गुप्ता, हेम आर्या, हेमंत मेहरा, अनित कुमार, नेत्र डांगी, मलकीत सिंह, दीपक कुमार, रूप कुमार, महेंद्र पाल सिंह, शिव कुमार, सूरज मोहन, रोहित मिश्रा, जोगेंद्र सिंह, नीरज मेहता, दिनेश जोशी, केशर सिंह, प्रदीप शर्मा और नरेंद्र सिंह समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *