Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: हल्द्वानी बेस अस्पताल में सुरक्षा में चूक, दुष्कर्म का आरोपी किशोर खिड़की से कूदकर फरार

Haldwani: हल्द्वानी बेस अस्पताल में सुरक्षा में चूक, दुष्कर्म का आरोपी किशोर खिड़की से कूदकर फरार
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी के सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बाल संप्रेक्षण गृह से उपचार के लिए लाया गया दुष्कर्म का आरोपी किशोर सुरक्षा गार्ड को चकमा देकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि किशोर दोपहर करीब एक बजे शौचालय जाने के बहाने अस्पताल की खिड़की से नीचे कूदकर भाग निकला। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और फरार किशोर की तलाश में संयुक्त पुलिस टीमें जुट गईं।

जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने करीब एक महीने पहले 16 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया था। जुवेनाइल कोर्ट के आदेश पर उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था। गुरुवार को तबीयत खराब होने की शिकायत पर संप्रेक्षण गृह की गार्द उसे स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए बेस अस्पताल लेकर पहुंची थी।

शौचालय जाने के बहाने गार्ड को दिया चकमा

बताया जा रहा है कि अस्पताल में मौजूदगी के दौरान किशोर ने शौचालय जाने की बात कही। इसी दौरान वह सुरक्षा गार्ड को चकमा देकर अस्पताल की खिड़की से नीचे कूद गया और मौके से फरार हो गया। किशोर के फरार होने की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू कर दी गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फरार किशोर को आखिरी बार बनभूलपुरा क्षेत्र में देखे जाने की बात सामने आई है। उसकी तलाश के लिए कोतवाली और बनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त टीमें लगाई गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा किशोर के परिजनों और करीबियों से पूछताछ की जा रही है। उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि फरार किशोर की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और सर्विलांस टीम सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी है। पुलिस ने किशोर को जल्द पकड़ने का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *