Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में गौला फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, कार पलटने से दो युवकों की मौत और दो गंभीर घायल

Haldwani: हल्द्वानी में गौला फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, कार पलटने से दो युवकों की मौत और दो गंभीर घायल
शेयर करे-

Haldwani: बरेली रोड स्थित तीनपानी गोरा पड़ाव क्षेत्र में गौला फ्लाईओवर पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर की दीवार से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवती और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक और युवती का उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार शाम करीब चार बजे गौला फ्लाईओवर पर हुआ। कार संख्या UK02A 2544 लालकुआं की ओर जा रही थी। कार में एक युवती समेत चार लोग सवार थे। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार कार डिवाइडर की दीवार से टकराने के बाद पलट गई। दुर्घटना में कार सवार चारों लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। अस्पताल में चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक और युवती का इलाज जारी है।

दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से हादसे के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों को तत्परता से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

एसएसपी नैनीताल ने अस्पताल पहुंचकर दुर्घटना में घायल युवक और युवती का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उनके उपचार के संबंध में जानकारी भी ली।

एसपी सिटी हरबंस सिंह के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घायल युवक और युवती के होश में आने के बाद घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। नैनीताल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी नैनीताल ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन पर नियंत्रण बनाए रखने और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय की गई थोड़ी सी लापरवाही चालक के साथ-साथ दूसरों के जीवन को भी खतरे में डाल सकती है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *