Haldwani: नैनीताल जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर बनभूलपुरा पुलिस ने जिला बदर किए गए एक आरोपी को 20 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को तीन माह के लिए जिला बदर किया गया था, लेकिन वह आदेश का उल्लंघन कर जिले में प्रवेश कर गया।
पुलिस के अनुसार, अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी रोकने के लिए सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
21 अक्टूबर 2026 को गौला पार्किंग के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने वसीम उर्फ चिंगाडू (43), पुत्र इस्लाम, निवासी गफूर बस्ती, वार्ड नंबर 24, थाना बनभूलपुरा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 इंजेक्शन बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के आदेश के अनुपालन में आरोपी को 16 अक्टूबर 2026 को तीन माह की अवधि के लिए जनपद नैनीताल की सीमा से जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद आरोपी ने जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करते हुए जिले में प्रवेश किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 20 इंजेक्शन बरामद किए। इनमें 10 इंजेक्शन Buprenorphine Hydrochloride Injection 2 ML और 10 इंजेक्शन Avil (Pheniramine Maleate) Injection 10 ML शामिल हैं।
इस मामले में कोतवाली बनभूलपुरा में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 180/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 तथा उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3/10 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से तीन अभियोग पंजीकृत हैं। इनमें दो मामले एनडीपीएस एक्ट और एक मामला गुंडा नियंत्रण अधिनियम से संबंधित है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक मनोज कुमार यादव, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
