Haldwani: जनपद नैनीताल में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान भोलानाथ गार्डन मोहल्ले के पास से एक व्यक्ति को 20 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबंस सिंह के पर्यवेक्षण और कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 24 अक्टूबर 2026 को चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस ने मौहम्मद असलम उर्फ शानू (32 वर्ष), पुत्र मौहम्मद अशरफ, निवासी इंद्रानगर बड़ी रोड, दुर्गा मंदिर के पास, बनभूलपुरा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 इंजेक्शन B-GESIC (Buprenorphine Hydrochloride Injection) 2 एमएल और 10 इंजेक्शन AVIL (Pheniramine Maleate Injection IP) 10 एमएल बरामद किए गए।
इस मामले में कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 370/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 23 अक्टूबर 2026 को बनभूलपुरा क्षेत्र के किसी मेडिकल स्टोर से इंजेक्शन लेकर आया था और उन्हें ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत राठौर, प्रभारी चौकी हीरानगर, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल ललित नाथ शामिल रहे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
