Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: नैनीताल पुलिस ने 250 लोगों के लौटाए खोए मोबाइल, 55.25 लाख रुपये के फोन बरामद

Haldwani: नैनीताल पुलिस ने 250 लोगों के लौटाए खोए मोबाइल, 55.25 लाख रुपये के फोन बरामद
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल पुलिस ने मोबाइल फोन खोने की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए 250 लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित मोबाइल ऐप सेल ने जुलाई से 4 नवंबर 2026 तक विभिन्न ब्रांड के 250 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 55 लाख 25 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जनपद स्तर पर गठित मोबाइल ऐप सेल को फोन बरामद करने के लिए विशेष निर्देश दिए थे। इसके बाद एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन/हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा मोबाइल ऐप सेल प्रभारी उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।

शिकायतकर्ताओं से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर मोबाइल फोन के IMEI नंबरों को CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रेस किया गया। पुलिस टीम की मेहनत और तकनीकी सहायता से उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर सहित पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, राजस्थान, दिल्ली तथा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से मोबाइल फोन बरामद किए गए।

बरामद किए गए 250 मोबाइल फोन में 7 आईफोन, 40 सैमसंग, 58 ओप्पो, 13 वनप्लस, 19 रियलमी, 45 वीवो, 7 मोटोरोला, 1 नोकिया, 7 इनफिनिक्स, 23 रेडमी, 17 पोको, 8 आईक्यू, 2 टेक्नो और 3 आईटेल कंपनी के फोन शामिल हैं।

पुलिस ने बरामद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर शिकायतकर्ताओं के चेहरे खिल उठे। सभी ने नैनीताल पुलिस और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का आभार जताया।

इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल ने मोबाइल रिकवरी टीम को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। मोबाइल बरामदगी अभियान में उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचन्द्र प्रजापति शामिल रहे।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *