Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: दीपावली से पहले हल्द्वानी बाजार को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग, बस स्टेशनों को शिफ्ट करने सहित व्यापारियों ने उठाईं कई मांगें

Haldwani: दीपावली से पहले हल्द्वानी बाजार को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग, बस स्टेशनों को शिफ्ट करने सहित व्यापारियों ने उठाईं कई मांगें
शेयर करे-

Haldwani: दीपावली पर्व को देखते हुए हल्द्वानी के व्यापारियों ने बाजार की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग उठाई है। इस संबंध में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर बाजार से अतिक्रमण हटाने, घुमंतू ठेले वालों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने, व्यापारियों और ग्राहकों के लिए अतिरिक्त पार्किंग उपलब्ध कराने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

व्यापारियों ने ज्ञापन में कहा कि दीपावली का त्योहार नजदीक है, लेकिन बाजार में अभी से अव्यवस्थाओं के चलते लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। दुकानदारों द्वारा दुकानों के आगे अनावश्यक रूप से सामान फैलाने, दुकानों के बाहर की जगह किराये पर देने और घुमंतू ठेले वालों द्वारा सड़कों पर कब्जा करने से बाजार में आवागमन प्रभावित हो रहा है। इससे ग्राहकों को खरीदारी करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

व्यापारी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि उनका संगठन किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण का समर्थन नहीं करता है। बाजार को व्यवस्थित रखने के लिए समय रहते अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि त्योहार के दौरान ग्राहकों को बाजार में आने-जाने में किसी तरह की दिक्कत न हो।

ज्ञापन में हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन और केएमओयू बस स्टेशन को दीपावली तक अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। व्यापारियों का कहना है कि बस स्टेशनों के कारण बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रहती है। त्योहार के दौरान इन बस स्टेशनों को अन्यत्र स्थानांतरित करने से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और ग्राहकों को बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

इसके साथ ही व्यापारियों ने सुझाव दिया कि बस स्टेशन की खाली होने वाली जगह पर बाजार में दुकानों के बाहर लगने वाले ठेले और जमीन पर दुकान लगाने वाले छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित रूप से स्थान दिया जाए। इससे बाजार में रौनक बढ़ेगी और ग्राहकों को सुविधाजनक तरीके से खरीदारी करने का अवसर मिलेगा। व्यापारियों ने त्योहार के मद्देनजर अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था करने और सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की भी मांग की।

व्यापारी प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं तो दीपावली के दौरान बाजार में जाम और अव्यवस्थाओं की स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की, ताकि दीपावली का त्योहार सुरक्षित, व्यवस्थित और भव्य तरीके से संपन्न हो सके।

इस दौरान महानगर अध्यक्ष कैलाश जोशी, महानगर महामंत्री मधुकर बनोला, महानगर महिला अध्यक्ष रेनू टंडन, महानगर महिला महामंत्री प्रेमा बिष्ट, महानगर युवा अध्यक्ष प्रशांत अधिकारी, महानगर युवा महामंत्री गौरव गुप्ता, जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता, जिला महामंत्री हर्षवर्धन पांडे, युवा जिलाध्यक्ष प्रदीप सब्बरवाल, युवा कोषाध्यक्ष पवन वर्मा, महिला जिलाध्यक्ष कुसुम दीगारी, जिला सह कोषाध्यक्ष विजय तिवाड़ी, जिला संयुक्त महामंत्री कौशलेंद्र भट्ट, जिला सचिव अरविंद चौहान और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के संरक्षक एनके पांडे सहित कई व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *