Dehradun: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए दिनेश आर्य को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी की ओर से रविवार को उनके नाम का ऐलान किया गया।
नैनीताल निवासी दिनेश आर्य वर्तमान में राज्यस्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष के पद पर हैं और उन्हें दर्जाधारी राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त है। वह इससे पहले भाजपा के नैनीताल जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
यह सीट वर्तमान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को पूरा होने के बाद रिक्त होगी। उत्तराखंड से राज्यसभा की इस सीट के लिए 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
भाजपा के दिनेश आर्य को प्रत्याशी बनाए जाने के साथ ही उत्तराखंड की इस राज्यसभा सीट के लिए चुनावी प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है।


Chief Editor, Aaj Khabar

