Headlines

Nainital: जल जीवन मिशन समीक्षा में सख्ती, होटलों की बोरिंग की संयुक्त जांच और ग्रीष्मकाल से पहले पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

Nainital
शेयर करे-

Nainital: मुख्य विकास अधिकारी/उपाध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की अध्यक्षता में आयोजित जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने, योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा बोरिंग मामलों की जांच को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

बैठक में जानकारी मिली कि जनपद के कई होटलों द्वारा बोरिंग सीधे केंद्र सरकार की इकाई सीपीसीबी से अनुमति लेकर कराए गए हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं अधिशासी अभियंता उत्तराखंड जल संस्थान और जल निगम को संयुक्त टीम बनाकर स्थलीय जांच करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि होटल द्वारा कराए गए बोरिंग से स्थानीय लोगों को भी पेयजल सुविधा उपलब्ध हो।

आगामी यात्रा सीजन और ग्रीष्मकाल को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी मुख्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और चिकित्सालयों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संबंधित अधिशासी अभियंताओं को व्यवस्थाओं की अग्रिम तैयारी करने को कहा गया।

भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत जल जीवन मिशन अंतर्गत सुजलाम भारत ऐप के माध्यम से साप्ताहिक जियोटैगिंग तथा पीएम गति शक्ति पोर्टल पर केएमएल फाइल शीघ्र अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को योजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बैठक में समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया कि पीवीटीजी श्रेणी की बुक्सा जनजाति को प्राथमिकता के आधार पर जल जीवन मिशन से लाभान्वित किया जाए, ताकि वंचित वर्ग तक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

बैठक में अधिशासी अभियंता जल संस्थान नैनीताल, अधिशासी अभियंता जल निगम भीमताल, जल संस्थान हल्द्वानी, जल संस्थान लालकुआं, अधिशासी अभियंता यांत्रिक शाखा पेयजल निगम हल्द्वानी, सहायक अभियंता जल संस्थान रामनगर, सहायक अभियंता पेयजल निगम रामनगर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *