Haldwani: हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बाइक से बड़े भाई के साथ गैस सिलेंडर भरवाकर घर लौट रहे 13 वर्षीय बालक अर्जुन को ट्रक ने कुचल दिया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रक चालक सड़क पर बने गहरे गड्ढे से बचने के प्रयास में अचानक कट मार बैठा। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता स्पष्ट दिखाई दे रही है।
मृतक बालक अर्जुन उत्तर प्रदेश के बरेली का निवासी बताया जा रहा है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने पूरे मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी किए हैं। साथ ही सड़क निर्माणदायी संस्था की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उसे फटकार लगाई गई है। यह हादसा एक बार फिर शहर की सड़कों की जर्जर हालत और जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है।

Chief Editor, Aaj Khabar
