Haldwani: शुक्रवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव मा० मुख्यमंत्री दीपक रावत ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही निस्तारण के निर्देश जारी किए। जनसुनवाई में भूमि विवाद, धोखाधड़ी से धनराशि हड़पने, अवैध निर्माण, पारिवारिक विवाद, पेयजल, विद्युत बिल और दिव्यांग प्रमाण पत्र जैसे मामलों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
कार्यक्रम के दौरान सुल्तानपुर पट्टी बाजपुर निवासी देवनाथ मिश्रा के पेंशन प्रकरण का मौके पर निस्तारण कराया गया। जेल रोड हल्द्वानी निवासी दुर्गा कोरंगा द्वारा पारिवारिक विवाद का मामला रखा गया, जिसे सुलह-समझौते के माध्यम से तत्काल सुलझाया गया।
लोहरियासाल ऊंचापुल निवासी सुनीता सागुड़ी ने संपत्ति बंटवारे की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार हल्द्वानी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मल्ला ऊंचापुल निवासी जयश्री जोशी के जमीनी विवाद प्रकरण में भी तहसीलदार को शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए गए।
ओखलकांडा निवासी त्रिलोचन ने दिव्यांग प्रमाण पत्र लंबित होने की शिकायत दर्ज कराई। आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से पात्रता की पुष्टि कर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया, जिस पर शिकायतकर्ता ने आभार व्यक्त किया।
संतोषपुर बाजपुर निवासी नसीमा पत्नी नन्हे शाह ने बताया कि दो वर्ष पूर्व ब्याज पर ली गई धनराशि चुकाने के बावजूद जमीन के मूल दस्तावेज वापस नहीं किए जा रहे हैं। आयुक्त ने तहसीलदार बाजपुर और थाना प्रभारी बाजपुर को विधवा महिला को आज ही दस्तावेज वापस दिलाने तथा दोषी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
लालकुआं निवासी राम प्रसाद ने एक माह का ₹26,000 का विद्युत बिल आने की शिकायत की। जांच में मीटर खराबी के कारण अधिक रीडिंग पाई गई, जिसे सुधारते हुए बिल ₹8,000 किया गया और उपभोक्ता द्वारा जमा भी कर दिया गया।
लामाचौड़ निवासी राधा बिष्ट ने पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी न मिलने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर तहसीलदार हल्द्वानी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नया बाजार निवासी आदेश कुमार टंडन ने ऋण चुकाने के बाद भी बंधक भूमि मुक्त न किए जाने की शिकायत की, जिस पर संबंधित बैंक प्रबंधक और तहसीलदार को तत्काल समाधान के आदेश दिए गए।
जनता मिलन कार्यक्रम में आयुक्त ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।


Chief Editor, Aaj Khabar
