नवनीत भुल्लर हरिद्वार एसएसपी, प्रमेंद्र सिंह डोबाल देहरादून और अजय गणपति कुम्भार उधम सिंह नगर की कमान संभालेंगे
Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने शुक्रवार को पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) के कुल 20 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। देहरादून और हरिद्वार जैसे संवेदनशील जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) का तबादला इस सूची का प्रमुख आकर्षण रहा।
सबसे अहम बदलाव देहरादून में हुआ है। वर्तमान एसएसपी अजय सिंह को देहरादून से हटाकर एसएसपी एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीते 16 दिनों में राजधानी में हुई पांच हत्याओं के बाद यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनकी जगह हरिद्वार के एसएसपी रहे आईपीएस प्रमेंद्र सिंह डोबाल को देहरादून का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं नवनीत भुल्लर को हरिद्वार का नया एसएसपी बनाया गया है। भुल्लर अब तक एसएसपी एसटीएफ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
उधम सिंह नगर में भी बड़ा बदलाव किया गया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा को हटाकर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह चंपावत के एसपी अजय गणपति कुम्भार को उधम सिंह नगर का नया एसएसपी बनाया गया है। चंपावत में रेखा यादव को एसपी नियुक्त किया गया है, जो अब तक पिथौरागढ़ की एसपी थीं। पिथौरागढ़ में अक्षय प्रहलाद कोंडे को नई जिम्मेदारी दी गई है।
अल्मोड़ा में चंद्रशेखर आर धोड़के को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं हरिद्वार के एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक जितेंद्र कुमार मेहरा को एसपी बागेश्वर बनाया गया है। निहारिका तोमर को एसपी रुद्रप्रयाग नियुक्त किया गया है। उधम सिंह नगर में अपराध एवं यातायात की जिम्मेदारी जितेंद्र चौधरी को दी गई है, जबकि निशा यादव को हरिद्वार में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक बनाया गया है।
विशेष इकाइयों में भी महत्वपूर्ण फेरबदल हुआ है। निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ पद पर पदोन्नत करते हुए जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रहलाद नारायण मीणा को पुलिस उपमहानिरीक्षक सतर्कता बनाया गया है। यशवंत सिंह को पीटीसी नरेंद्र नगर का प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया है। प्रदीप कुमार राय को पुलिस अधीक्षक सीबीसीआईडी, अमित श्रीवास्तव को सेनानायक आईआरबी प्रथम और देवेंद्र पींचा को 31वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक बनाया गया है। मनोज ठाकुर को अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार तथा चंद्र मोहन सिंह को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले 12 फरवरी को भी राज्य में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। लगातार हो रहे प्रशासनिक बदलावों को सरकार की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। राजधानी सहित अन्य जिलों में नए अधिकारियों के सामने अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था सुधारने और जनविश्वास कायम रखने की बड़ी चुनौती रहेगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
