Haldwani: कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने शुक्रवार को हल्द्वानी में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नैनिताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान हुई अराजकता लोकतंत्र के लिए कलंक है।
हृदयेश ने कहा कि भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के संरक्षण में गुंडई की, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उत्तराखंड को बिहार बनाने का सपना देख रही है, लेकिन प्रदेश की जनता 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल कर लोकतंत्र और शांति का पाठ पढ़ाएगी।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि भाजपा ने पहले जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में “वोटों की डकैती” कर लोकतंत्र की हत्या की और फिर मानसून सत्र को मात्र डेढ़ दिन में स्थगित कर विपक्ष के सवालों से बचने का प्रयास किया। उन्होंने सदन में विपक्षी विधायकों के साथ बदसलूकी और मारपीट को भी भाजपा सरकार की तानाशाही प्रवृत्ति का प्रमाण बताया।
उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस शीघ्र ही जनता के साथ सड़कों पर उतरकर बड़े जनांदोलन की शुरुआत करेगी। इस दौरान सुमित हृदयेश ने सरदार सतनाम सिंह को अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया और सोशल मीडिया प्रदेश महासचिव बनाए गए राजकुमार का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, पूर्व महानगर अध्यक्ष हरीश मेहता, महिला महानगर अध्यक्ष मधु सांगूड़ी, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव शोभा बिष्ट, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमन्त बगड़वाल, पूर्व दर्जा मंत्री सुहैल सिद्दीकी सहित अनेक कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
