Haldwani: सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल हल्द्वानी तथा सिंथिया इंटरनेशनल स्कूल हरकपुर क्वीरा लामाचौड़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सेवन-ए-साइड अंतर विद्यालयी बालक–बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे संस्करण के तहत आज तीसरे दिन कुल 9 मुकाबले खेले गए। इनमें 6 मैच बालक वर्ग और 3 मैच बालिका वर्ग के रहे।
सिंथिया इंटरनेशनल स्कूल हरकपुर क्वीरा लामाचौड़ के मैदान पर खेले गए मुकाबलों में बालिका वर्ग में सिंथिया स्कूल तथा बालक वर्ग में बीरशिबा स्कूल और व्हाइटहॉल स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
बालिका वर्ग के पहले सेमीफाइनल में सिंथिया स्कूल ने सशक्त खेल दिखाते हुए एवरग्रीन स्कूल को 1-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में बीरशिबा स्कूल हल्द्वानी ने बीएलएम स्कूल हल्द्वानी को 4-2 से हराया। बीरशिबा की ओर से ऋषभ ने 2, जबकि शौर्य और मयंक ने 1-1 गोल किए। बीएलएम की ओर से भावेश और आयुष ने 1-1 गोल दागे।
दूसरे सेमीफाइनल में व्हाइटहॉल स्कूल हल्द्वानी ने एवरग्रीन स्कूल हल्द्वानी को 1-0 से मात दी। अमन महरा के निर्णायक गोल ने व्हाइटहॉल को फाइनल में पहुंचाया।
अन्य बालक वर्ग के मुकाबलों में बीरशिबा ने डॉन बॉस्को को 4-0 से, बीएलएम ने शिवालिक को 2-0 से तथा व्हाइटहॉल स्कूल ने डीपीएस को 3-1 से हराया।
बालिका वर्ग में आर्यमान विक्रम बिरला ने शिवालिक को पेनल्टी शूटआउट में 3-1 से, सिंथिया ने एवरग्रीन को 1-0 से तथा क्वींस ने वेदांतम को 2-0 से पराजित कर अगले चरण में प्रवेश किया।
आज के मैचों में ऋषभ महरा ने 3 गोल, अर्नव, दिव्यांश और देवयानी ने 2-2 गोल, जबकि शौर्य, मयंक, आदर्शनी, बंशिका, आरुशी, माही और अंकिता ने 1-1 गोल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में आनंद देव, गोपाल नेगी, सागर रावत, रजत चौहान, लवलेश मेर और मयंक पंत ने रेफरी की भूमिका निभाई। खेल प्रशिक्षक एस.एस. कपकोटी, दीपक जोशी, लीला रावत और शिवानी ने आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया। स्वयंसेवकों ने भी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
तीसरे दिन के मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख हल्द्वानी मंजू गौड़ और विधायक प्रतिनिधि पूरण गौड़ उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, खेल प्रशिक्षक, गणमान्य अतिथि, बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और खिलाड़ी मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
