Headlines

Nainital: क्रिसमस–नववर्ष पर नैनीताल में यातायात प्रबंधन का मास्टर प्लान, बॉर्डर से लागू होगी रूट-स्टिकर और शटल व्यवस्था

Nainital: क्रिसमस–नववर्ष पर नैनीताल में यातायात प्रबंधन का मास्टर प्लान, बॉर्डर से लागू होगी रूट-स्टिकर और शटल व्यवस्था
शेयर करे-

Nainital: क्रिसमस, थर्टी फर्स्ट और नववर्ष के अवसर पर पर्यटकों की भारी आमद को देखते हुए नैनीताल जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और निर्बाध बनाए रखने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में बुधवार को एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें यातायात प्रबंधन को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

गोष्ठी में एसपी यातायात/क्राइम, एसपी हल्द्वानी, एसपी संचार सहित सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना व चौकी प्रभारी तथा यातायात प्रभारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में नैनीताल, भीमताल, भवाली, मुक्तेश्वर, कैंची धाम, रामनगर एवं आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए ठोस रणनीति पर चर्चा की गई।

निर्णय लिया गया कि जनपद की सीमाओं पर ही वाहनों का रूट निर्धारित कर अलग-अलग रंगों के रूट स्टिकर लगाए जाएंगे, ताकि वाहन अपने तय मार्ग पर ही संचालित हों। 22 दिसंबर की रात्रि से यातायात पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती करते हुए हल्द्वानी, लालकुआं, भवाली और रामनगर से प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा।

प्रत्येक प्रमुख बैरियर और प्वाइंट पर उप निरीक्षक रैंक के अधिकारी की ड्यूटी तय की जाएगी। दो पालियों में ड्यूटी व्यवस्था लागू होगी और चुनौतीपूर्ण स्थानों पर थाना व चौकी प्रभारी स्वयं मोर्चा संभालेंगे। नैनीताल में पार्किंग क्षमता पूरी होने से पहले ही शटल सेवा शुरू करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त शटल वाहन लगाने के निर्देश दिए गए।

कैंची धाम क्षेत्र में यातायात दबाव कम करने के लिए भवाली सेनिटोरियम से शटल सेवा संचालित की जाएगी। गडप्पू बैरियर सहित अन्य प्रमुख बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी। चयनित बैरियरों पर डेस्टिनेशन आधारित रूट स्टिकर लगाए जाएंगे, जिससे पर्यटकों को गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा मोबाइल पार्टियों की तैनाती कर लगातार रूट पेट्रोलिंग और रूट क्लीयरेंस सुनिश्चित किया जाएगा। जनपद के बॉर्डर और प्रमुख बैरियरों पर बड़े डायवर्जन फ्लैक्सी बोर्ड लगाए जाएंगे। डायवर्जन प्लान, पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा और बैरियर सूची समय रहते तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात सुविधा मिले, ताकि त्योहारी सीजन का आनंद बिना किसी असुविधा के लिया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *