Nainital: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बुधवार को कोतवाली हल्द्वानी मीटिंग हॉल में आयोजित गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन उत्तराखंड की वार्षिक गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में जनपद नैनीताल के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत संगठन के अध्यक्ष एल.डी. पांडे द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत से हुई। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन किया गया तथा सांस्कृतिक परिधान में आई महिलाओं द्वारा पारंपरिक सामूहिक गान “सगुनाखर” की मनोहर प्रस्तुति दी गई।
एसएसपी नैनीताल ने पेंशनरों से संवाद करते हुए उनके कुशलक्षेम की जानकारी ली और कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह मंच पेंशनरों के लिए सदैव खुला रहेगा और समय-समय पर मेलों, सांस्कृतिक आयोजनों एवं पर्वतीय व्यंजनों के स्टॉल जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना चाहिए।
डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने विशेष रूप से साइबर सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि डिजिटल युग में पेंशनर साइबर अपराधियों के लिए सॉफ्ट टारगेट बनते जा रहे हैं। उन्होंने पेंशनरों को “रूल्स ऑफ इन्वेस्टमेंट” के तहत जागरूक करते हुए सलाह दी कि किसी भी म्यूचुअल फंड, कॉर्पोरेट फंड अथवा निवेश योजना के लिए केवल राष्ट्रीयकृत बैंकों से ही संपर्क करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक खाता विवरण, आधार, पैन, ओटीपी या किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
एसएसपी ने बढ़ती उम्र में सतर्कता की आवश्यकता बताते हुए यातायात नियमों के पालन, दोपहिया वाहनों से परहेज, पर्वतीय मार्गों पर वाहन न चलाने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की भी अपील की। साथ ही पुलिस अधीक्षक नैनीताल एवं पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी को निर्देश दिए कि जनपद की साइबर टीम के माध्यम से पेंशनरों के लिए विशेष साइबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया जाए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक संचार रेवतार मठपाल, संगठन के अध्यक्ष एल.डी. पांडे, महामंत्री विजय तिवारी, उपाध्यक्ष नवीन चंद्र जोशी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता सहित विभिन्न विभागों से आए पेंशनर्स अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
