Headlines

Haldwani: भीषण ठंड को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी की एडवाइजरी, बुजुर्गों व बीमारों को विशेष सतर्कता की अपील

Haldwani: भीषण ठंड को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी की एडवाइजरी, बुजुर्गों व बीमारों को विशेष सतर्कता की अपील
शेयर करे-

Haldwani: क्षेत्र में लगातार गिरते तापमान और बढ़ती ठंड के मद्देनज़र राजकीय मेडिकल कॉलेज, रामपुर रोड हल्द्वानी ने आमजन के लिए स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और अधिक बढ़ने की संभावना है, जिसे देखते हुए मेडिसिन विभाग के चिकित्सकों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

राजकीय मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह ने बताया कि ठंड के मौसम में बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें और सिर, कान, हाथ व पैरों को अच्छी तरह ढककर रखें, ताकि शरीर को ठंड से सुरक्षित रखा जा सके।

डॉ. परमजीत सिंह ने गर्म और पौष्टिक भोजन पर जोर देते हुए कहा कि सूप, दलिया, हरी सब्जियां और गर्म दूध जैसे आहार शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने में सहायक होते हैं। इसके साथ ही संतुलित आहार और पर्याप्त तरल पदार्थ का सेवन भी आवश्यक है।

उन्होंने चेतावनी दी कि सर्दी, खांसी, बुखार, सांस लेने में तकलीफ या सीने में दर्द जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें और स्वयं दवा लेने से बचें।

ठंड से बचाव के लिए आग जलाते समय सतर्कता बरतने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बंद कमरों में अंगीठी या कोयले का प्रयोग न करें, क्योंकि इससे कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का खतरा जानलेवा हो सकता है।

मेडिसिन विभाग ने उच्च रक्तचाप, दमा, हृदय रोग और गठिया से पीड़ित मरीजों को नियमित दवाइयां लेने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की भी सलाह दी है।

राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी ने आमजन से अपील की है कि वे ठंड के मौसम में सतर्क रहें, आवश्यक सावधानियां अपनाएं और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *