Headlines

Chamoli: चमोली में दर्दनाक सड़क हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, दो गंभीर घायल

Chamoli: चमोली में दर्दनाक सड़क हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, दो गंभीर घायल
शेयर करे-

Chamoli: चमोली जिले के दूरस्थ विकासखंड थराली में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कुराड़–मोटर मार्ग पर सवारियों से भरी एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 दिसंबर की देर रात वाहन संख्या यूके 11 टीए 2334 थराली मुख्य बाजार से यात्रियों को लेकर लेटाल की ओर जा रहा था। रास्ते में कुराड़–मोटर मार्ग पर अंधेरे के कारण वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में गिर गया। हादसे के बाद वाहन में सवार यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।

सूचना मिलने पर राजस्व उप निरीक्षक रोबिट सिद्दीकी के नेतृत्व में राजस्व पुलिस, स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

दुर्घटना में घायल हुए लोगों में 65 वर्षीय गंगा राम, 62 वर्षीय वास्पा राम, 50 वर्षीय दिनेश, 24 वर्षीय विजय, 22 वर्षीय दीपा, 22 वर्षीय प्रेम कुमार और 3 वर्षीय बबली (पुत्री दीपा) शामिल हैं। इनमें से वाहन चालक विजयपाल पुत्र बलबीर राम और दिनेश राम पुत्र गोपाल राम की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है, जबकि पुलिस और प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *