Chamoli: उत्तराखंड के चमोली जिले में नीति-मलारी नेशनल हाईवे पर रविवार को अचानक हुए भीषण भूस्खलन ने लोगों को दहशत में डाल दिया। मानसून शुरू होने से पहले ही पहाड़ दरकने की इस घटना ने पहाड़ी इलाकों में बढ़ते खतरे की तस्वीर साफ कर दी है। देखते ही देखते पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा, जिससे हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मंजर को स्थानीय लोगों ने अपने कैमरों में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि नीति-मलारी हाईवे पर इन दिनों सड़क को डबल लेन बनाने का कार्य चल रहा है। इसी दौरान पहाड़ की कटिंग के समय अचानक भारी मात्रा में मलबा और विशाल बोल्डर सड़क पर आ गिरे। घटना के बाद धूल और धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल गया। भूस्खलन के कारण मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे नीति घाटी के दो दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से कट गया है।
सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ सेना की आवाजाही और जरूरी सामानों की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। सूचना मिलते ही प्रशासन और बीआरओ की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। हालांकि लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते आए दिन भूस्खलन जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है। गौरतलब है कि पर्वतीय क्षेत्रों में मानसून के दौरान इस तरह की घटनाएं आम हो जाती हैं, लेकिन बारिश से पहले ही पहाड़ी दरकने की यह घटना चिंता बढ़ाने वाली मानी जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
