Headlines

Uttarakhand: पौड़ी में शादी से लौटते समय दर्दनाक हादसा: देहलचौरी में 60 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, महिला की मौत और चार घायल

Uttarakhand: पौड़ी में शादी से लौटते समय दर्दनाक हादसा: देहलचौरी में 60 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, महिला की मौत और चार घायल
शेयर करे-

Uttarakhand: पौड़ी गढ़वाल जिले के देहलचौरी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अरकणी बैंड से करीब 800 मीटर आगे एक इको कार अनियंत्रित होकर लगभग 50 से 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। पुलिस के अनुसार कार को रोहित थपलियाल चला रहा था। सभी लोग रुद्रप्रयाग से शादी समारोह में शामिल होकर ग्राम भेंटा, कोट ब्लॉक से वापस लौट रहे थे।

रेस्क्यू के दौरान गंभीर रूप से घायल महिला को कांस्टेबल बद्री लाल ने अपने निजी वाहन से बेस अस्पताल श्रीकोट पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका की पहचान 49 वर्षीय अनीता भट्ट पत्नी शशि राम भट्ट निवासी जाखन, अंसल ग्रीन वैली, राजपुर रोड के रूप में हुई है।

हादसे में चालक रोहित थपलियाल, रश्मि देवी, सुधा देवी और सुमन बिष्ट घायल हुए हैं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए परिवहन विभाग जागरूकता अभियान चला रहा है। ओवर स्पीडिंग और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के लिए एएनपीआर कैमरों के जरिए चालान किए जा रहे हैं। इसके बावजूद राज्य में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *