Haldwani: नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए काठगोदाम क्षेत्र में एक बुटीक की दुकान से भारी मात्रा में अवैध चरस बरामद की है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), एसटीएफ कुमाऊं और काठगोदाम पुलिस की टीम लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में रविवार 10 मई 2026 को संयुक्त टीम ने दमुवाढूंगा क्षेत्र के देवखड़ी में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के सामने स्थित “डी फैशन बुटीक” नामक दुकान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दुकान से 5 किलो 2 ग्राम अवैध चरस बरामद की। मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण आर्या निवासी देवखड़ी दमुवाढूंगा और बलवंत सिंह निवासी कपकोट, जिला बागेश्वर के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बरामद चरस बागेश्वर क्षेत्र से लाकर हल्द्वानी में सप्लाई की जा रही थी। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
इस बड़ी कार्रवाई में STF एंटी नार्कोटिक्स टीम से निरीक्षक पावन स्वरूप, एसआई विनोद चंद्र जोशी, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं थाना काठगोदाम पुलिस टीम में एसओ विमल मिश्रा, एसआई दिलीप सिंह, आरक्षी प्रमोद कुमार और आरक्षी कारज सिंह ने अहम भूमिका निभाई।

Chief Editor, Aaj Khabar
