Headlines

Dehradun: चंपावत कथित दुष्कर्म प्रकरण पर भाजपा का पलटवार, महिला मोर्चा बोली- कांग्रेस ने रची सुनियोजित साजिश

Dehradun: चंपावत कथित दुष्कर्म प्रकरण पर भाजपा का पलटवार, महिला मोर्चा बोली- कांग्रेस ने रची सुनियोजित साजिश
शेयर करे-

Dehradun: देहरादून स्थित भाजपा संभाग कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रूचि भट्ट ने चंपावत में सामने आए कथित दुष्कर्म प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम बदले की भावना और राजनीतिक महत्वाकांक्षा के तहत रची गई सुनियोजित साजिश का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य भाजपा संगठन और सरकार की छवि खराब करना था।

उन्होंने कहा कि पुलिस की शुरुआती जांच और प्रभावित युवती के बयानों से यह स्पष्ट हो गया है कि मामले को राजनीतिक रंग देकर भाजपा को बदनाम करने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण में जिस व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है, वह कांग्रेस से जुड़ा हुआ है और लगातार अपने बयान बदल रहा है। अब वही व्यक्ति प्रभावित युवती पर ही आरोप लगाने लगा है, जिससे पूरे षड्यंत्र की परतें खुल रही हैं।

रूचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी नेताओं ने बिना किसी ठोस जांच और तथ्यों के भाजपा कार्यकर्ताओं और संगठन को बदनाम करने का प्रयास किया, जो बेहद गैरजिम्मेदाराना और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा लगातार नकारे जाने के बाद कांग्रेस राजनीतिक हताशा में इस तरह की साजिशों का सहारा ले रही है।

उन्होंने मांग की कि पूरे मामले में झूठ और दुष्प्रचार फैलाने के लिए कांग्रेस सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। साथ ही उन्होंने इस प्रकरण में शामिल सभी लोगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच के बाद कठोर कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया जारी है और जल्द ही सभी दोषियों के नाम सामने आएंगे।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं को हर क्षेत्र में सम्मान और अवसर देने का काम किया है, जिससे कांग्रेस बौखला गई है। उन्होंने विपक्ष को मर्यादित और साफ-सुथरी राजनीति करने की नसीहत देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और वर्ष 2027 के चुनाव में कांग्रेस को इसका राजनीतिक जवाब मिलेगा।

इस दौरान प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, प्रदेश मंत्री विजय लक्ष्मी चौहान, प्रदेश प्रवक्ता कल्पना बोरा, दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी भूमिका गोयल, जिलाध्यक्ष कंचन उप्रेती और प्रदेश सह सोशल मीडिया प्रभारी श्रुति तिवारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *