Headlines

Chamoli: सरकारी अस्पताल की जर्जर दीवार ढही, निरीक्षण के दौरान मलबे में दबे चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन डिमरी की मौत

Chamoli: सरकारी अस्पताल की जर्जर दीवार ढही, निरीक्षण के दौरान मलबे में दबे चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन डिमरी की मौत
शेयर करे-

Chamoli: जिले के नारायणबगड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी की मौत हो गई। अस्पताल परिसर की पहले से क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान मलबा आने से अस्पताल की बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त हो गई थी। दीवार को अस्थायी रूप से सुरक्षित करने के बाद शनिवार को उसकी मरम्मत का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान डॉ. नवीन चंद्र डिमरी निर्माण कार्य का निरीक्षण करने मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान पहले से कमजोर और खोखली हो चुकी दीवार अचानक ढह गई और वह उसके मलबे में दब गए।

हादसे के तुरंत बाद अस्पताल के कर्मचारियों, स्थानीय व्यापारियों और आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें तत्काल हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनका निधन हो गया।

डॉ. डिमरी के निधन की खबर से स्वास्थ्य विभाग और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने अस्पताल भवन की जर्जर स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच तथा अस्पताल परिसर में सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *