Nainital: नैनीताल के कैंची क्षेत्र में देर रात लखनऊ से आए पांच युवकों ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि युवकों ने पहले होमस्टे संचालकों से मारपीट की और पुलिस के पहुंचने पर स्कॉर्पियो से फरार होने का प्रयास किया। भवाली में पुलिस की नाकेबंदी देखकर वाहन मोड़ने के दौरान उन्होंने तेज रफ्तार में तीन वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और एक अल्टो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को सीज कर दिया है और सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
