Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पूर्व विधायकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पूर्व विधायकों ने उत्तराखंड के मुख्य सेवक के रूप में सर्वाधिक कार्यकाल पूरा करने पर मुख्यमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पूर्व विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए लिए गए फैसलों का सकारात्मक प्रभाव प्रदेशभर में दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का अनुभव और मार्गदर्शन राज्य के विकास में हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास, पारदर्शी शासन और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना और उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक ले जाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी, दिनेश अग्रवाल, देशराज कर्णवाल, लाखीराम जोशी, पुष्पेश त्रिपाठी, धन सिंह नेगी, केदार सिंह रावत, राजकुमार, विजया बड़थ्वाल, सुरेश चंद्र आर्य और जोत सिंह गुनसोला सहित अन्य पूर्व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
