Headlines

Rudrapur: दिनेशपुर में साइबर गैंग का पुलिस पर जानलेवा हमला, हरियाणा पुलिस के एएसआई को 5 किमी तक कार के बोनट पर घसीटा

Rudrapur: दिनेशपुर में साइबर गैंग का पुलिस पर जानलेवा हमला, हरियाणा पुलिस के एएसआई को 5 किमी तक कार के बोनट पर घसीटा
शेयर करे-

Rudrapur: रुद्रपुर के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों को पकड़ने पहुंची हरियाणा पुलिस और स्थानीय पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए हरियाणा पुलिस के एएसआई को कार के बोनट पर कई किलोमीटर तक घसीटा और बाद में सड़क पर फेंक दिया। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार हरियाणा में दर्ज एक साइबर ठगी मामले की जांच के दौरान हरियाणा पुलिस की साइबर टीम दिनेशपुर पहुंची थी। जांच में साइबर अपराध के तार दिनेशपुर क्षेत्र से जुड़े पाए गए थे, जिसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से संदिग्धों के घर पर दबिश दी गई। एफआईआर के मुताबिक हरियाणा पुलिस के एएसआई प्रेम कुमार अपनी टीम के साथ आरोपी भारत नामक युवक की तलाश में पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि पुलिस टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। इसी दौरान कुछ युवक मौके पर जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। तभी एक कार वहां पहुंची, जिसमें आरोपी सवार बताए जा रहे हैं। एएसआई प्रेम कुमार ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने कार तेज रफ्तार में दौड़ा दी। खुद को बचाने के लिए एएसआई वाहन के बोनट से लटक गए, लेकिन आरोपियों ने कार नहीं रोकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने दरोगा को करीब चार से पांच किलोमीटर तक बोनट पर घसीटा। इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं। बाद में चलती कार से उन्हें नीचे फेंक दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद दिनेशपुर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दिनेशपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र बिष्ट ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस का मानना है कि साइबर अपराधियों का यह नेटवर्क संगठित और सक्रिय है। जिस तरह से पुलिस टीम पर हमला किया गया, उसने कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पूरे मामले में पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *