Bhowali: अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगलाट के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में उत्तर प्रदेश से आए तीन सैलानियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। खाई की गहराई और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, हालांकि टीमों ने सतत प्रयास करते हुए घायलों को बाहर निकाला।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। कोतवाल भवाली प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। फिलहाल मृतकों और घायलों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
