Headlines

Dehradun: पत्रकार पंकज मिश्रा की मृत्यु प्रकरण में दो आरोपी गिरफ्तार

Haldwani News
शेयर करे-

Dehradun: राजपुर थाना क्षेत्र के दून विहार में किराए पर रह रहे पंकज मिश्रा की संदिग्ध मौत के मामले में देहरादून पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह मामला मारपीट से जुड़ा हुआ है और घटना की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 16 दिसंबर 2025 की सुबह कंट्रोल रूम से थाना राजपुर को सूचना मिली थी कि दून विहार क्षेत्र में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां पंकज मिश्रा घर के पीछे वाले कमरे में बेड के पास फर्श पर मुंह के बल अचेत अवस्था में मिले। उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही 16 दिसंबर की रात मृतक के भाई अरविंद मिश्रा निवासी लखनऊ सहित अन्य परिजन देहरादून पहुंचे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून से मुलाकात की। परिजनों ने तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि 15 दिसंबर 2025 को आरोपियों ने घर में घुसकर पंकज मिश्रा और उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज की, दोनों के मोबाइल फोन छीने और जान से मारने की नीयत से गंभीर मारपीट की, जिसके चलते पंकज मिश्रा की मौत हो गई।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना राजपुर में मुकदमा संख्या 234/25 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103, 304, 333 एवं 352 के तहत दर्ज किया गया। यह मुकदमा पार्थोशील पुत्र मनिंद्रनाथ सील, निवासी गोरेगांव ईस्ट मुंबई तथा अन्य आरोपियों के खिलाफ पंजीकृत किया गया।

परिजनों की मांग पर एसएसपी ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराने के निर्देश दिए, जो 17 दिसंबर 2025 को संपन्न हुआ। पुलिस ने मृतक की पत्नी, मकान मालिक और आसपास के गवाहों के बयान दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए भौतिक साक्ष्य एकत्र किए।

प्राप्त साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने 17 दिसंबर 2025 को लंबी पूछताछ के बाद आरोपी अमित सहगल और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य तथ्यों की भी गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *