Headlines

Haldwani: स्वस्थ पत्रकार, सशक्त लोकतंत्र—हल्द्वानी मीडिया सेंटर में पत्रकारों हेतु भव्य निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 100 से अधिक मीडिया कर्मियों ने उठाया लाभ

Haldwani
शेयर करे-

Haldwani: पत्रकारों की व्यस्त कार्यशैली, अनियमित दिनचर्या और निरंतर फील्ड ड्यूटी को ध्यान में रखते हुए हल्द्वानी मीडिया सेंटर में एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चन्द्र पंत एवं संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। शिविर के दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भी पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ पत्रकारिता ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक मीडिया शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाते हुए समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मीडिया प्रतिनिधियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति संवेदनशील है तथा उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकताओं में शामिल है।

शिविर में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिनमें एक्स-रे, ईसीजी, ब्लड प्रेशर, शुगर, थायराइड तथा विभिन्न प्रकार की रक्त जांच शामिल रही। हृदय रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक एवं फिजिशियन द्वारा पत्रकारों और उनके परिजनों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।

जनपद के हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं और कालाढूंगी सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों तथा उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक शिविर में भाग लिया। लगभग 100 से अधिक लोगों ने इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया।

संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे अधिक से अधिक मीडिया कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

शिविर में डॉ. आर.एस. कुंवर (फिजिशियन), डॉ. सुधांशु सिंह (हृदय रोग विशेषज्ञ), डॉ. पी.एस. खोलिया (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. अनीता पवार (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. विजय (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. दीप्ति (दंत रोग विशेषज्ञ) तथा फार्मेसिस्ट दीपा सुनारी सहित मेडिकल टीम मौजूद रही। इसके अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी गिरिजा जोशी, सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित अनेक मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *