Haldwani: नैनीताल जिले के हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र स्थित नवीन गल्ला मंडी में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मंडी परिसर से युवक और युवती के शव बरामद हुए। अज्ञात हमलावरों ने करीब 22 वर्षीय युवती और 30 वर्षीय युवक की पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवती की पहचान लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चंद्र पोखरिया निवासी पोखरी, ओखलकांडा के रूप में हुई है। वह बीएससी की छात्रा बताई जा रही है। वहीं युवक की पहचान अल्मोड़ा निवासी शुभम कुमार टम्टा के रूप में हुई है। पुलिस को युवक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त की गई।
घटनास्थल पर जिस भारी पत्थर से दोनों के सिर कुचले गए, वह शवों के पास ही पड़ा मिला। पत्थर पर खून के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। शवों की हालत इतनी गंभीर थी कि चेहरा पहचानना मुश्किल हो गया था। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और हत्या में प्रयुक्त पत्थर को कब्जे में लिया।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या किसी गंभीर विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित सैनी और कोतवाली प्रभारी विजय मेहता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका के भाई सुरेश चंद्र पोखरिया ने बहन की हत्या की तहरीर पुलिस को सौंपी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया है और शीघ्र ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Haldwani Double Murder Shocks City
हल्द्वानी की नवीन गल्ला मंडी में युवक-युवती की पत्थर से सिर कुचलकर निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
