Haldwani: राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 21 मार्च को प्रस्तावित महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जनपद नैनीताल भ्रमण से पूर्व सर्किट हाउस हल्द्वानी में आयुक्त एवं सचिव, मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कुमाऊं आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक जिम्मेदारी को त्रुटिरहित तरीके से निभाते हुए आयोजन को सफल बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
आयुक्त ने विशेष रूप से पार्किंग, यातायात व्यवस्था और सभा स्थल तक आमजन की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बैठने की उचित व्यवस्था मिले और किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक के दौरान मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, वीआईपी एवं मीडिया बैठने की व्यवस्था, शौचालय, आपातकालीन सेवाएं और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी तैयारियां उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण की जाएं।
आयुक्त ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टीसी मंजूनाथ को सैक्टरवार जिम्मेदारियां सौंपने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी कमी को समय रहते दूर किया जा सके। साथ ही पेयजल के लिए टैंकर, पर्याप्त डिस्पेंसर और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
नगर निगम हल्द्वानी को नियमित सफाई अभियान चलाने तथा लोक निर्माण विभाग को वीआईपी मार्ग की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को आगंतुकों के आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाने के निर्देश भी मुख्य विकास अधिकारी को दिए गए। बैठक के पश्चात आयुक्त दीपक रावत ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और मंच व पंडाल निर्माण कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में दर्जा राज्य मंत्री डॉ अनिल कपूर डब्बू, भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, जिलाधिकारी उधमसिंह नगर नीतिन भदौरिया, सीडीओ अरविन्द कुमार पाण्डे, सीडीओ उधमसिंह नगर दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, विवेक राय, पंकज उपाध्याय,सिटी मजिस्टेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, आटीओ गुरूदेव सिंह, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, रेखा कोहली, बीसी पंत, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी सहित लोनिवि, जलसंस्थान, विद्युत, आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


Chief Editor, Aaj Khabar
