Kichha: उत्तराखण्ड में “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के तहत कुमाऊँ पुलिस और एसओटीएफ की संयुक्त टीम ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 122.25 ग्राम स्मैक के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसओटीएफ कुमाऊँ और कोतवाली किच्छा पुलिस की टीम ने लालपुर क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान गुरुद्वारे वाली गली के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संतोक सिंह (42 वर्ष), निवासी लालपुर, थाना किच्छा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 122.25 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना किच्छा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी सितंबर 2025 में करीब 152 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार हो चुका है। जेल से रिहा होने के बाद उसने फिर से नशे का अवैध कारोबार शुरू कर दिया था।
इस सफल कार्रवाई में एसओटीएफ कुमाऊँ टीम और किच्छा पुलिस की संयुक्त भूमिका अहम रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कुमाऊँ क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस महानिरीक्षक ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
