Headlines

Kichha: किच्छा में रिश्वत लेते ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक गिरफ्तार, 12 हजार की मांग पर सतर्कता का बड़ा एक्शन

Kichha: किच्छा में रिश्वत लेते ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक गिरफ्तार, 12 हजार की मांग पर सतर्कता का बड़ा एक्शन
शेयर करे-

Kichha: सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के एक अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केन्द्र का है, जहां तैनात ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे को 12,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता, जो पिछले 5-6 वर्षों से लकड़ी के ठेकेदारी का कार्य कर रहा है, ने बताया कि उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से निजी आम के पेड़ खरीदे थे। इन पेड़ों को काटने के लिए उसने नियमानुसार 26 पेड़ों की अनुमति हेतु आवेदन किया था।

शिकायत के मुताबिक, अनुमति की प्रक्रिया उद्यान विभाग में चल रही थी और अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण भी किया जा चुका था। इसी दौरान ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे ने 16 पेड़ों को काटने की अनुमति दिलाने के एवज में 12,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।

शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।

ट्रैप टीम ने 09 अप्रैल 2026 को कार्रवाई करते हुए बादल पाण्डे को उसके किच्छा स्थित कार्यालय में शिकायतकर्ता से 12,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

इस सफल कार्रवाई पर निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की रिश्वतखोरी की सूचना टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *