Kichha: किच्छा में नगर पालिका एवं सिरौलीकलां निर्वाचन की मतगणना के दौरान मंगलवार को नयी मंडी स्थित मतगणना परिसर में विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थक आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का मुक्की के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को शाम करीब 4:30 बजे विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला अपने समर्थकों एवं प्रत्याशियों के साथ मतगणना परिसर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों के आमने सामने आने से विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। तनाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और उनके समर्थकों को सिडकुल चौकी पंतनगर, जबकि विधायक तिलक राज बेहड़ और उनके समर्थकों को कोतवाली किच्छा ले जाकर अलग अलग किया।
पुलिस ने विधायक के साथ धक्का मुक्की करने के आरोप में धीरज कुमार (40), पुत्र शम्भू सिंह, निवासी वार्ड नंबर 4, आस्था कॉलोनी, लालपुर, थाना किच्छा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
वहीं, शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों को चिन्हित करते हुए पुलिस ने अब तक 30 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा सभी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। साथ ही, घटना को लेकर सिख समुदाय में रोष की बात भी सामने आई है।
ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, अपर उपनिरीक्षक संतोष उप्रेती, कांस्टेबल 616 बृजमोहन सिंह और कांस्टेबल 1148 हरेन्द्र धामी शामिल रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
